अल्मोड़ा आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को भारत की जनगणना–2027 का प्रथम चरण दिनांक 25 अप्रैल 2026 से जनपद अल्मोड़ा में प्रारम्भ हो गया है। इस चरण के अंतर्गत जनपद में 01 चार्ज नगर निगम, अल्मोड़ा तथा शेष क्षेत्रों में 18 चार्ज सहित कुल 19 चार्ज क्षेत्र बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में 01 मास्टर ट्रेनर, 40 फील्ड ट्रेनर, लगभग 1373 प्रगणक तथा लगभग 252 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है, जो निर्धारित अवधि में कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करेंगे। जनगणना के प्रथम चरण में दिनांक 25 अप्रैल 2026 से लेकर 24 मई 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण तथा भवन गणना का कार्य किया जाएगा। इस बार की जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से संपादित की जा रही है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। नागरिकों से अनुरोध है कि वे प्रगणकों को उनके द्वारा पूछे जाने वाले 33 सरल प्रश्नों का सही एवं पूर्ण उत्तर प्रदान करें, ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की आधारशिला है। अतः सभी नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, जिससे विकास की गति को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूर्णतः सुरक्षित रखी जाएगी तथा इसे किसी भी अन्य प्रयोजन हेतु साझा नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए भारत की जनगणना–2027 हेतु जारी टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।

