अल्मोड़ा आज दिनांक 27 अप्रैल, 2026 को जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय वनाग्नि समिति अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में विकासखंड चौखुटिया के सभागार में वनाग्नि चौपाल का आयोजन किया गया। वनाग्नि चौपाल के माध्यम से प्रतिभागियों को वनाग्नि के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि वनाग्नि के कारण जल स्रोत तेजी से सूख रहे हैं, जैवविविधता को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन में भी वनाग्नि की महत्वपूर्ण भूमिका है। वक्ताओं ने आमजन को वनाग्नि के प्रति संवेदनशील बनने और इसके प्रबंधन में सक्रिय जनसहयोग देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, सहायक नोडल वनाग्नि प्रबंधन गजेन्द्र कुमार पाठक, सहायक खंड विकास अधिकारी हयात राम आर्या सहित वन विभाग, पंचायतीराज विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक भी उपस्थित रहे।

