अल्मोड़ा आज दिनांक 12 मई 2026 को जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को शासन की सभी सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा जैसी विकट परिस्थितियों में पूर्व सैनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों की पर्याप्त ट्रेनिंग कराने तथा वॉलेंटियर की सूची तैयार करने व इस संबंध में व्यापक प्लान बनाने के निर्देश संबंधितों को दिए।
बैठक में पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधितों को कड़े निर्देश दिए तथा कहा कि उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए।
बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण, पेंशन, चिकित्सा सुविधा, रोजगार, शिक्षा एवं अन्य लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में 9435 पूर्व सैनिक तथा 4979 वीरांगनाएं हैं साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध की 26 वीरांगनाएं शामिल हैं । जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं हमारे देश के साहस का प्रतीक हैं, इनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्रतिबद्धता है।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विजय मनराल (से० नि०), परिषद में नामित सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

