बोकारो (झारखंड) बोकारो जिले के चास स्थित काला पत्थर क्षेत्र में संविधान जागृति शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें निजीकरण, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि निजीकरण की बढ़ती प्रक्रिया के कारण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं, जिससे देश के लाखों बच्चे और युवा बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं।
शिविर के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों और सरकार के बीच सांठगांठ के कारण आम जनता, विशेषकर युवाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सार्वजनिक संस्थानों के निजीकरण से सामाजिक एवं आर्थिक असमानता बढ़ रही है।
कार्यक्रम में #BS4_Bharatiya_Samvidhan_Samman_Suraksha_Samvardhan महाअभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों के भारत के निर्माण की बात कही गई। वक्ताओं ने आर्थिक बराबरी स्थापित करने के लिए राष्ट्रीयकरण और राज्य समाजवाद की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर मू. रितेश कुमार (प्रदेश संगठन सचिव, बामसेफ झारखंड) ने युवाओं को संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मू. डॉ. स्वप्न सुमन (जिला कोषाध्यक्ष, बामसेफ बोकारो), मू. सतीश कुमार (जिला कार्यकारिणी सदस्य, बामसेफ बोकारो), मू. दिनेश कुमार रजक (शिक्षक), मू. बंधु दास (शिक्षक) सहित अनेक विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
शिविर में उपस्थित लोगों ने संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक समानता के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

