चंपावत चंपावत जिले से एक शर्मनाक घटना की खबर सामने आ रही है, जहां पर कम किराया लेने वाले टैक्सी चालक को अन्य टैक्सी चालकों ने जूतों की माला पहनाई है।
सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार चंपावत जिले के लोहाघाट के देवराडी बैंड के पास डूंगरा बोरा निवासी अनुसूचित वर्ग के एक टैक्सी चालक के साथ अभद्रता की गई। दरअसल टैक्सी चालक पर आरोप था कि उसने सवारियों से लोहाघाट से दिल्ली का किराया कम लिया जिसके चलते टैक्सी चालक के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जूते की माला पहनाई गई। यह पूरी घटना बीते बुधवार की बताई जा रही है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टैक्सी चालक के साथ मारपीट करने उसका फोन छीनने पर परिजनों व ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि टैक्सी चालकों के बीच किराए को लेकर विवाद था तो इसे आपस में बैठकर सुलझाया जा सकता था ,लेकिन इस तरह से किसी को अपमानित करना कदापि उचित नहीं है। लोगों ने कहा कि दिल्ली चलने वाले वाहन चालकों के द्वारा सवारियों से अत्यधिक किराया वसूला जाता है और कम किराया लेने पर टैक्सी चालक के साथ अभद्रता की गई है जो कदापि उचित नहीं है। लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से टैक्सी में दिल्ली के किराए की जांच पर लगाम लगाने की मांग की है। और टैक्सी चालक से अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

