द्वाराहाट (अल्मोड़ा) द्वाराहाट के चौखुटिया रोड स्थित ग्राम बैरती के पास एक निसान मैग्नाइट कार में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली द्वाराहाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग इतनी तेज थी कि वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
वाहन स्वामी कपिल आर्या अपने दो साथियों के साथ हल्द्वानी जा रहे थे। बताया गया कि कार का क्लच खराब होने के बाद जांच के दौरान इंजन के नीचे आग दिखाई दी, जो देखते ही देखते पूरे वाहन में फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार में सवार यात्री भी सुरक्षित हैं।

