देहरादून भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भूपेश जोशी, ‘काली सेना’ ने सोशल मीडिया पर बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने इसे बहुजन समाज की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस से मांग की गई कि शिकायत की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से वंचित एवं शोषित वर्गों को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के सम्मान से जुड़ा विषय किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संविधान और सामाजिक सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
गंगा शाह,
पत्रकार देहरादून

