हल्द्वानी (नैनीताल) पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) उत्तराखंड जिला इकाई नैनीताल की ओर से मजदूरों के हितों को लेकर तहसीलदार हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन। ज्ञापन में राज्य में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में महंगाई के अनुरूप वृद्धि करने तथा मजदूरों के शोषण और अत्याचार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तराखंड के निर्माण एवं विकास में मजदूर वर्ग महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद अनेक मजदूरों को उनकी मेहनत के अनुरूप उचित वेतन नहीं मिल पा रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण मजदूरों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक कठिनाइयां बढ़ रही हैं। साथ ही कई स्थानों पर कम मजदूरी देना, समय पर वेतन का भुगतान नहीं करना, अधिक कार्य लेना तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाओं का अभाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी ने सरकार से मजदूरों की प्रमुख मांगों पर कार्रवाई की मांग की है। इनमें न्यूनतम वेतन में महंगाई के अनुरूप वृद्धि, समय पर पूरा वेतन दिलाना, वेतन में अनावश्यक कटौती रोकना, मजदूरों के शोषण एवं बंधुआ मजदूरी जैसी प्रथाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, श्रम कानूनों के पालन की नियमित जांच तथा ईएसआई, पीएफ, दुर्घटना बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना शामिल है।
ज्ञापन में मजदूरों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी हेल्पलाइन एवं शिकायत व्यवस्था बनाए जाने की मांग भी की गई है। पार्टी ने कहा कि मजदूरों को सम्मानजनक जीवन, उचित वेतन और शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इसके साथ ही उक्त 20 सितंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित होने जा रही मजदूर महागर्जना महारैली को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक संख्या में जाने का आह्वान भी पार्टी पदाधिकारियों द्वारा किया गया आज कार्यक्रम में एडवोकेट गंगा प्रसाद प्रदेश संगठन सचिव, अंशुमान सिंह जिला महासचिव सुंदरलाल बौद्ध मूलनिवासी संघ राज्य संगठन सचिव, मनोज आर्य, नवल किशोर आर्य, अंशुमान सिंह, खुशीफुर् रहमान, मनोज गुप्ता सहित कई संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

