दमुवाढूंगा (हल्द्वानी) दिनांक 17 सितंबर 2026 को डॉ. आंबेडकर आदर्श विद्यालय दमुवावाढूंगा में मिशनरी साथियों द्वारा एक विशेष परिचर्चा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक महान समाज सुधारक और महानायक पेरियार ई. वी. रामासामी की जयंती के अवसर पर आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पेरियार रामासामी द्वारा कुरीतियों, आडंबरों और पाखंडवाद के खिलाफ किए गए उनके जीवनभर के संघर्षों को याद किया। परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. बी.आर. आंबेडकर को अपना आदर्श मानकर पेरियार जी ने तत्कालीन समाज को जागरूक करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने वैज्ञानिक सोच और तर्कवाद की कसौटी पर सामाजिक उद्धरणों के माध्यम से समस्त बहुजन समाज को जगाने का काम किया। साथ ही, ब्राह्मणवाद पर तीखा प्रहार करते हुए समाज में तार्किक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया। तत्कालीन समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए उनके द्वारा किए गए साहसिक कार्यों को आज भी प्रेरणास्रोत माना जाता है। बैठक की अध्यक्षता अंबेडकर मिशन एवं फाउंडेशन के जी.आर. टम्टा द्वारा की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन सामाजिक मिशनरी कार्यकर्ता मूलनिवासी एडवोकेट गंगा प्रसाद ने किया। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद। इस अवसर पर आयोजित जयंती कार्यक्रम में मुख्य रूप से किशन चंद्रा (राज्य प्रशिक्षण सचिव, मूलनिवासी संघ), सुंदरलाल बौद्ध, आर.पी. गंगोला, मूलनिवासी संघ के कृष्ण चंद्र, प्रेम राम, गोविंद गौतम, रमेश चंद्र, अविनाश कुमार और प्रेम कुमार सहित भारी संख्या में मिशनरी साथी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन ‘जय भीम, जय भारत, जय संविधान’ के नारों के साथ हुआ।

