हल्द्वानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के माध्यम से किए जाने वाले डिजिटल लेन-देन पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाए जाने की संभावनाओं के विरोध में पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), जिला नैनीताल की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में UPI आम नागरिकों, विद्यार्थियों, छोटे दुकानदारों, कर्मचारियों और छोटे व्यवसायियों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसकी सरलता और तेज गति के कारण बड़ी संख्या में लोग डिजिटल भुगतान का उपयोग कर रहे हैं।
पार्टी ने सरकार से मांग की कि सामान्य व्यक्तिगत UPI लेन-देन पर किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष शुल्क या चार्ज आम नागरिकों से न लिया जाए। साथ ही छोटे दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों को डिजिटल लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क के बोझ से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन में UPI को सरल, सुलभ और कम लागत वाला माध्यम बनाए रखने, शुल्क संबंधी किसी भी संभावित बदलाव से पहले आम जनता एवं छोटे कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखने तथा सरकार की ओर से स्पष्ट एवं सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इसका आर्थिक भार आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों पर न पड़े। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।

