हल्द्वानी गन्ना सेंटर के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बाइक से हल्द्वानी लौट रहे युवक को विपरीत दिशा से आई पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से बूढ़ी मां, पत्नी और पांच साल की बेटी के सामने जिंदगी का संकट खड़ा हो गया है।
रामपुर रोड गली नंबर-8, वार्ड-17 निवासी रचित पुत्र सुरेश को मोटरसाइकिल संख्या यूके 04 ए-जी-4055 से गदरपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहा था। वह गन्ना सेंटर के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही पिकअप संख्या यू के06सी ए-8980 ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रचित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना परिवार तक मोबाइल के जरिए पहुंची। रचित के भाई आशीष सक्सेना, निवासी धान मिल, बरेली रोड, ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। परिवार के मुताबिक रचित की मौत से घर की आर्थिक रीढ़ टूट गई है। उसके पीछे बूढ़ी मां, पत्नी और महज पांच साल की बेटी रह गई है।
पुलिस ने पिकअप के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

