हल्द्वानी (नैनीताल) पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) जिला इकाई नैनीताल की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई है।
ज्ञापन में पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता अधिकारों तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है और चुनाव प्रक्रिया में आम नागरिकों का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यकाल एवं निर्वाचन आयोग से संबंधित विभिन्न निर्णयों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए। साथ ही SIR प्रक्रिया में सामने आई शिकायतों और आपत्तियों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग भी की गई है।
पार्टी ने यह भी मांग रखी है कि यदि जांच में संवैधानिक दायित्वों, निर्धारित प्रक्रियाओं अथवा निष्पक्षता से संबंधित गंभीर अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक संवैधानिक कार्रवाई पर विचार किया जाए। इसके अलावा मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालो में गंगा प्रसाद प्रदेश संगठन सचिव पीपीआईडी, मूलनिवासी चंदन प्रदेश उपाध्यक्ष पीपीआईडी, इरशाद अंसारी महानगर अध्यक्ष, खालिकुर्रहमान महानगर सचिव, अंशुमन सिंह जिला महासचिव, लखन चंद्र मीडिया प्रभारी, मनोज कुमार गुप्ता ब्लॉक अध्यक्ष, कृष्ण कुमार सामाजिक कार्यकर्ता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

