बागेश्वर सोशल मीडिया पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और उनके अनुयायियों को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद पिथौरागढ़ में कार्रवाई की गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है।
अंबेडकर जयंती समारोह समिति बागेश्वर के संयोजक एवं एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा ने पिथौरागढ़ के अंबेडकरवादी साथियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी समुदाय, महापुरुष या उनके अनुयायियों के प्रति अपमानजनक एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।
टम्टा ने बताया कि उन्हें बीती रात सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद पिथौरागढ़ के साथियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में बागेश्वर के साथी भी उनके साथ हैं।
उन्होंने बताया कि बागेश्वर से भी इस संबंध में पुलिस को दी गई शिकायत की सूचना कोतवाली स्तर से प्राप्त हुई है। शिकायत को नियमानुसार संबंधित थाना क्षेत्र, पिथौरागढ़, को स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
संजय कुमार टम्टा ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच विभिन्न वर्गों और महापुरुषों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान, सामाजिक समानता और सम्मान के मुद्दों पर संवाद लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए तथा किसी व्यक्ति या समुदाय को अपमानित करने वाली भाषा से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आरक्षण, सामाजिक न्याय और आरक्षित वर्ग की योग्यता जैसे विषयों पर मतभेद या बहस हो सकती है, लेकिन किसी भी वर्ग के प्रति गाली-गलौज या अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित कानून और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराना ही उचित रास्ता है।
टम्टा ने पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत प्रदेशभर के सामाजिक संगठनों एवं अंबेडकरवादी साथियों से अपील की कि वे ऐसे मामलों में कानून हाथ में लेने के बजाय कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें तथा आपत्तिजनक सामग्री की सूचना संबंधित पुलिस अथवा सक्षम प्राधिकारी को दें।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के विचार संविधान, समानता और सामाजिक न्याय पर आधारित हैं और इन्हीं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप संघर्ष को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
— संजय कुमार टम्टा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन
संयोजक, अंबेडकर जयंती समारोह समिति, बागेश्वर
पत्रकार
गंगा शाह

