(उधम सिंह नगर) पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक की जिला इकाई उधम सिंह नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक 25 अक्टूबर 2026 को मू. आर. बी. राम के निवास स्थान कौशल्या फेस वन में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा वर्ष 2027 के चुनाव प्रचार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के संस्थापक, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता एवं डी.के. खापर्डे मेमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन मूलनिवासी बी.डी. बोरकर तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार के 27 अक्टूबर 2026 को रुद्रपुर आगमन को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही आगामी 22 नवंबर 2026 को मजदूर, किसान एवं महिला महागर्जना रैली के आयोजन और पार्टी की सदस्यता बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा हुई। बैठक में वर्ष 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मू. जिलाध्यक्ष सूर्यकांत यादव, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, जिला महासचिव दूधनाथ भारती तथा मूलनिवासी जिला मीडिया प्रभारी मू. जमील अहमद को पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक की सदस्यता दिलाई गई।
बैठक में राज्य महासचिव अमर सिंह सैनी, कार्यालय सचिव आर.बी. राम, राज्य संगठन सचिव सुधीर कुमार, मूलनिवासी संघ के राज्य कार्यालय सचिव कांता प्रसाद, भूपेंद्र सिंह सैनी, विजेंद्र सिंह, नीलिमा कोहली, रामविलास श्रीवास्तव, संतोष कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति बनी।

