टिहरी गढ़वाल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के लिए गौरव का क्षण है। जनपद की पराविधिक कार्यकर्ता (पीएलवी) सरिता कोठियाल को उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सर्वश्रेष्ठ पराविधिक कार्यकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रदेश के समस्त जनपदों में कार्यरत पराविधिक कार्यकर्ताओं के 1 जनवरी 2026 से 30 सितंबर 2026 तक के कार्यों का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया गया। कार्यों के आधार पर प्रत्येक जिले से एक उत्कृष्ट पराविधिक कार्यकर्ता का चयन किया गया।
इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल से सरिता कोठियाल का चयन किया गया। उन्हें 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति द्वारा सर्वश्रेष्ठ पराविधिक कार्यकर्ता के सम्मान से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान विधिक जागरूकता, आमजन तक कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाने तथा जरूरतमंद लोगों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पराविधिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
सरिता कोठियाल की इस उपलब्धि पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनपद टिहरी के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है।

