हल्द्वानी (नैनीताल) आज दिनांक 11 अप्रैल 2025 को मूल निवासी संघ द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म दिवस मल्ला प्लाट दमुवाढूंगा हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया उसके बाद मूल निवासी संघ के राज्य सचिव दीपक चनियाल ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया और सभी ने उसे दोहराया। मुख्य अतिथि पीपीआईडी के राष्ट्रीय संगठन सचिव एडवोकेट डॉ० प्रमोद कुमार ने कहा जब एक महिला शिक्षित होती है तो उससे दो परिवार शिक्षित होते हैं इसलिए हमें महिलाओं की शिक्षा पर जोर देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि नंदी दीदी ने कहा हमारे महापुरूषों ने शिक्षा के लिए बहुत संघर्ष किया क्योंकि वो शिक्षा के महत्व को जानते थे। इंजीनियर के० सी० आर्या ने कहा जब ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने सभी को शिक्षा देने के लिए स्कूल खोला तो फातिमा शेख ने भी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर शिक्षा के कार्य को आगे बढ़ाया। बामसेफ राज्य उपाध्यक्ष सुनीता आर्या ने कहा एक पुरुष की कामयाबी के पीछे एक महिला का हाथ होता है लेकिन राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले को शिक्षित करने और देश की पहली महिला शिक्षिका बनाने में राष्ट्रपिता महात्मा ज्योतिबा फुले का योगदान रहा। मूलनिवासी संघ जिला इकाई नैनीताल द्वारा राष्ट्रव्यापी मूलनिवासी मेला का आयोजन भी किया गया। बैठक की अध्यक्षता आर० पी० गंगोला जिलाध्यक्ष मूलनिवासी संघ नैनीताल, संचालन एडवोकेट गंगा प्रसाद द्वारा किया गया। बैठक में सुंदरलाल बौद्ध, जी० आर० आर्या, जी० आर० ग्वासीकोटी, एन० पी० ग्वासीकोटी, अमरजीत, सुरेश चंद्र, आर० पी० लोहिया, सुरेंद्र प्रसाद, पी० आर० टम्टा, हरीश चंद्र, चंदन राम, शंकर लाल, बहादुर राम, जगदीश चंद्र, हरीराम, तेजराम, साक्षी टम्टा, हेमा गवासीकोटी, सुमन, मीना, भागीरथी, बसंती, नेहा, कमला आदि सैकड़ो लोग मौजूद रहे।



