कोटद्वार (गढ़वाल) 14 अप्रैल 2026 को संविधान निर्माता, भारत रत्न, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती संयुक्त समारोह समिति के तत्वाधान में कोटद्वार के ऐतिहासिक मालवीय उद्यान प्रांगण में बाबा साहब की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाई गई।
कार्यक्रम में बाबा साहब के क्रांतिकारी जीवन, संवैधानिक योगदान और सामाजिक न्याय के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार सुरेंद्र सिंह नेगी, नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व महापौर हेमलता नेगी, समाजसेवी सत्यप्रकाश थपलियाल मयंक प्रकाश कोठारी, ओमप्रकाश कोटला, डॉक्टर वी.सी शाह, एडवोकेट अरविंद वर्मा, शशिकांत, सुखपाल शाह, प्रवीन थापा, आशाराम, भारत भूषण शाह आदि शहर के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष केशीराम निराला, पूर्व सैनिक सुरवीर खेतवाल, शिव कुमार, मीना बचुवान, मनोज सिंह, गीता सिंह, एडवोकेट जीवन कुमार जोनी एवं उनके संस्थान AToZ डिजिटल सेवा केंद्र की पूरी टीम, शिवम् भूषण शाह, अनुज चौधरी, चंद्रपाल शाह, मेवा लाल गौड, संजीव मोहन, सतीश प्रकाश, अनिल कुमार आशीष खेतवाल, सतीश प्रकाश, संजीव कुमार, आशीष प्रकाश, विमला, विनीता भारती, विरजा, सतीश कुमार, धर्मेंद्र आर्य, विनोद कुमार, विनय भारती आदि पदाधिकारी एवं सदस्य सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे।
बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित जन समूह ने खड़े होकर भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
तत्पश्चात कार्यक्रमों की शुरुआत स्कूली बच्चों के भाषणों से हुई, जिन्होंने बाबा साहब के जीवन दर्शन, संघर्ष और भारतीय संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं न्याय के सिद्धांतों को बड़ी ही प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
सुप्रसिद्ध 8 वर्षीय योगी अद्विविक एवं 11वर्षीय अवनी के योग प्रदर्शन ने पूरे जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं 12 वर्षीय बांसुरी वादक अक्षित द्वारा बांसुरी पर प्रस्तुत पंख होते तो उड़ आती रे की सुरीली धुन ने श्रोताओं के हृदय को छू लिया।
8 वर्षीय ऐश्वर्या का शास्त्रीय कथक नृत्य दर्शकों को बेहद पसंद आया और खूब सराहा गया, आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक विकास कुमार आर्य ने आयोजन समिति के सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं समर्पित सदस्यों की अथक मेहनत एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया, उन्होंने सभी पधारे हुए अतिथियों, NCC कैडेट्स, नागरिकों एवं स्कूली बच्चों का हार्दिक धन्यवाद किया।
अपने संबोधन में विकास कुमार आर्य ने कहा कि आयोजन समिति विगत तीन वर्षों से कोटद्वार तहसील परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की एक सूत्रीय मांग लगातार उठा रही है, इस वर्ष भी बाबा साहब की 135वीं जयंती के शुभ अवसर पर समिति ने अपनी यह मांग पुनः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजी है। मांग के समर्थन में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला हस्ताक्षर अभियान (हस्ताक्षर नामा) भी मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया है। कार्यक्रम में AToZ डिजिटल सेवा केंद्र एवं विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी लोगों ने खूब लाभ उठाया,इन स्टॉलों में विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अम्बेडकर जयंती महापर्व के विधिवत समापन से पूर्व आयोजन समिति ने सामूहिक रूप से बाबा साहब के विचारों और संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के साथ ही न्याय, समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व के विचारों को अपने व्यवहारिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुविख्यात समाजसेवी सर्वोदय पुरुष डॉक्टर सुरेंद्र लाल आर्य एवं संचालन सेवानिवृत प्रधानाचार्य मनवर लाल भारती एवं शिक्षक प्रमोद चौधरी ने किया।

