हल्द्वानी आज दिनांक 5 जनवरी, 2025 को डाॅ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय, दमुवाढुंगा में वंचित स्वर मीडिया हाउस द्वारा मीडिया की आवश्यकता/निष्पक्षता पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही सावित्रीबाई फुले की 3 जनवरी जयंती समारोह भी मनाया गया। विचार गोष्ठी का शुभारंभ डाॅ. एडवोकेट प्रमोद कुमार ने किया, अध्यक्षता जी. आर. टम्टा और संचालन एडवोकेट गंगा प्रसाद एवं सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता के. सी. आर्या ने संयुक्त रूप से किया। डाॅ. प्रमोद कुमार ने वंचित मीडिया हाउस के संदर्भ में ‘वंचित स्वर’ साप्ताहिक समाचार की भूमिका का वर्णन किया। बताया कि 17 जुलाई, 2011 से प्रारंभ किया गया तथा विगत 14 वर्षों से इसका प्रकाशन निरंतर जारी है। वर्तमान में वंचितों की सशक्त अभिव्यक्ति के रूप में ‘वंचित स्वर’ समाचार पत्र तथा ‘वंचित स्वर’ न्यूज पोर्टल एवं ‘वंचित स्वर’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी देश-दुनिया तक उनकी आवाज को बुलंद किया जा रहा है। के. सी. आर्या ने अपना मीडिया के रूप में वंचित स्वर समाचार पत्र को प्रचारित एवं प्रसारित करने पर बल देते हुये लोगों से सहयोग करने की अपेक्षा की। जी. आर. टम्टा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हम सभी का उत्तरदायित्व है कि हम सभी अपने अखबार वंचित स्वर को तन-मन-धन से सहयोग करें ताकि हमारा मीडिया सशक्त बने तभी हमारी अभिव्यक्ति सशक्त होगी। इसके अलावा सचिन चंद्रा, जी.आर. आर्या, डाॅ. ललित, आर.पी. गंगोला, दीपक चन्याल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महेश चंद्र, प्रकाश राम टम्टा, हरीश राम, आर. आर. आर्या, तरुण कुमार, कुसुम, कौशल्या आर्या, कमला, कमल चंद्र आर्या, राकेश अंबेडकर, खीम आर्या, योगिता दीप आदि ने प्रतिभाग किया।

 
                         
  
  
  
  
  
 