चौखुटिया (अल्मोड़ा) आज दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को वन क्षेत्राधिकारी, द्वाराहाट ने बताया कि आज प्रातः दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि द्वाराहाट वन क्षेत्र अन्तर्गत रामपुर जमडिया क्षेत्र में घास लेने जंगल गयी 02 महिलाओं पर भालू द्वारा हमला कर घायल कर दिया गया है। घायल महिलाओ की पहचान चम्पा देवी पत्नी, मुकेश गिरी ग्राम चौकोडी रामपुर, जिला अल्मोड़ा व गीता देवी पत्नी मोहन सिंह ग्राम जमड़िया रामपुर, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई। सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग द्वाराहाट की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया साथ ही प्रभागीय वनाधिकारी, अल्मोडा व उप प्रभागीय वनाधिकारी अल्मोडा/रानीखेत द्वारा मौके पर पहुँचकर घायल महिलाओ की स्थिति देखी गयी। पीड़ितों के परिजनों से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की गई एवं स्थति का जायजा लिया गया। वन क्षेत्राधिकारी, द्वाराहाट द्वारा आंशिक रूप से घायल महिला को रू 20000.00 (रू० बीस हजार) तथा गम्भीर रूप से घायल महिला को रु 30000.00 (रू० तीस हजार) की धनराशि मौके पर तत्काल आर्थिक सहायता हेतु प्रदान की गयी। घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के उपरान्त हायर सैन्टर, बेस अस्पताल, अल्मोड़ा को रैफर कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम द्वारा क्षेत्र में सघन गस्त की जा रही है। क्षेत्र में अनावश्यक उगी झाडियों का कटान किया जा रहा है एवं नियन्त्रित फुकान किया जा रहा है। क्षेत्रान्तर्गत विभागीय टीम द्वारा जनजागरूकता एवं बचाव हेतु जनता को दिशा निर्देश दिये जा रहे है। क्षेत्रवासियों से वन विभाग द्वारा अपील की जाती है कि बच्चों/महिलाओं/ बुजुर्गाे को अकेला न छोडे। महिलाएं जंगल में घास या लकड़ी लेने अकेले न जाए। जगल जाने के लिए क्षेत्रवासी/ महिलाएं समूह में जाए। मानव-वन्यजीव संघर्ष सम्बन्धित या किसी भी वन्यजीव की गतिविधि पाए जाने पर तुरन्त हेल्पलाईन नं0 1800-890-9715 पर सम्पर्क करे।

