टिहरी गढ़वाल आज दिनांक 09 जून 2026 को मूल निवासी संघ, जिला टिहरी गढ़वाल एवं अंबेडकर जन विकास समिति, घनसाली के पदाधिकारियों ने देवल गांव निवासी 18 वर्षीय केतन लाल की मृत्यु के मामले में मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम उपजिलाधिकारी घनसाली के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, संवैधानिक न्याय एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 17 एवं 21 प्रत्येक नागरिक को समानता, गरिमा, सुरक्षा एवं जीवन का अधिकार प्रदान करते हैं। इसलिए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा पीड़ित परिवार को न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मूल निवासी संघ, जिला टिहरी गढ़वाल की ओर से जिला अध्यक्ष बोबी श्रीवाल, प्रदेश संगठन सचिव विनोद लाल शाह, उपाध्यक्ष अखिलेश सैलानी, दीपक शाह, जिला महासचिव विक्रम कृथवाल, संगठन सचिव राजेश कृथवाल, गजेंद्र सैलानी, कोषाध्यक्ष संजय त्रिकोटिया, मीडिया प्रभारी विजय सिंधवाल, संदीप त्रिकोटिया(ब्लॉक अध्यक्ष मूल निवासी संघ भिलंगना) तथा विशिष्ट सदस्य बद्रीनाथ, प्रेमलाल त्रिकोटिया, डॉ मदन शाह , हर्षलाल प्रधान चमोल गांव इत्यादि उपस्थित रहे।
वहीं भाजपा अनु. मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भुजवान, जिलामहामंत्री टिहरी दिनेश भजनियाल, जिला मीडिया सह संयोजक मोहित सिंह, अंबेडकर जन विकास समिति, घनसाली के पदाधिकारीगण एवं सदस्यगण शामिल रहे।
संगठनों ने कहा कि कानून का शासन ही लोकतंत्र की आधारशिला है तथा किसी भी नागरिक के मौलिक अधिकारों का हनन स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच, त्वरित न्याय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
“न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा ही लोकतंत्र की सच्ची पहचान है।

