सोमेश्वर (अल्मोड़ा) आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने मंगलवार को ताकुला ब्लॉक के कांडे, चोपता और लोहना गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
कांडे गांव में आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में गणनाथ मंदिर मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।
ग्रामीणों ने कहा कि गणनाथ मंदिर मोटर मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से मांग के बावजूद आज तक इसका निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने भाजपा सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार इतनी महत्वपूर्ण सड़क तक नहीं बनवा सकी तो आखिर ऐसी सरकारों के विकास के दावों का क्या फायदा। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आज भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की नाराजगी को डॉ. अजयपाल ने भाजपा सरकार की नीतियों और क्षेत्र की उपेक्षा से जोड़ते हुए कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र के गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद यदि महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया है तो जनता को यह तय करना होगा कि उसे केवल वादे चाहिए या धरातल पर काम करने वाला जनप्रतिनिधि।
डॉ. अजयपाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सोमेश्वर की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता का समर्थन मिलने पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और उपेक्षित गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से काम किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने चोपता और लोहना गांव में घर-घर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। डॉ. अजयपाल ने कहा कि जनसमस्याओं को केवल चुनावी मुद्दा बनाने के बजाय उनके स्थायी समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, कांग्रेस के अनुसूचित प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नवीन चंद्र कोहली, ब्लॉक अध्यक्ष जैती जागेश्वर नाथ सिंह, जिला सचिव भुवन गहरवाल, चंदन कोहली, युवा अध्यक्ष दीपक सिंह बोहरा, सुनील कुमार आर्य, महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा भंडारी, ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता, सुनील कुमार, उत्तम राम, रमेश राम, दुर्गा राम, कृष्ण लाल, जोगाराम, महेश नेगी, पनेर गांव ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुमार, थापला बूथ अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार आदि उपस्थित रहे।

