हल्द्वानी जगदम्बा नगर में बुधवार रात अचानक मचे बवाल से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि 25 से 30 लड़के हल्ला करते हुए एक जनरल स्टोर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ व मारपीट की। दुकान में सामान इधर-उधर फेंकने के साथ ही आरोपियों ने वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों से भी अभद्रता की। सड़क पर मौजूद लोगों और दुकान पर सामान लेने पहुंचे पड़ोसियों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना जोशी जनरल स्टोर, मैसुल भवन, जगदम्बा नगर की बताई गई है। दुकान संचालक बिपिन चन्द्र जोशी, पुत्र जय दत्त जोशी, निवासी जगदम्बा नगर, भोटिया पड़ाव ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 23 सितंबर की रात करीब 8:45 बजे 25-30 युवक शोर मचाते हुए उनकी दुकान में घुस आए।
दुकान में घुसते ही शुरू हुई तोड़फोड़
तहरीर के मुताबिक युवकों ने दुकान के भीतर तोड़फोड़ शुरू कर दी और सामान इधर-उधर फेंक दिया। विरोध करने पर मारपीट की गई। दुकान पर सामान लेने पहुंचे पड़ोसियों को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया। आरोप है कि सड़क पर मौजूद लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित के मुताबिक हमलावरों ने दुकान की तरफ ईंट-पत्थर और भारी सामान भी फेंका। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट व अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अज्ञात 25-30 लोगों पर मुकदमा
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात 25-30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर की नकल कांस्टेबल अंकुर गोस्वामी ने सीसीटीएनएस सॉफ्टवेयर पर दर्ज की।
पुलिस अब हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जुटाने में लगी है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

