तिलवाड़ा (रुद्रप्रयाग) आज दिनांक 4 अक्टूबर 2026 को तिलवाड़ा में रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, चमोली और श्रीनगर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान आयोजकों के अनुसार कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े दर्जनों लोगों ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व अपर शिक्षा निदेशक उत्तराखंड रघुनाथ लाल आर्य को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का प्रदेश महासचिव उत्तराखंड नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके मनोनयन पर स्वागत किया।
जनसभा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा हुई। आयोजकों के मुताबिक विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे कई लोगों ने आजाद समाज पार्टी के टिकट पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। हालांकि, चुनाव में पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी स्तर पर ही लिया जाना है।
कार्यक्रम में देहरादून से पहुंचे पूर्व जज चिरंजीव लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रामू राजोरिया, गौरव राजोरिया, श्रीनगर से बादल सहित भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपने विचार रखे।
जनसभा में वक्ताओं ने क्षेत्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार, युवाओं की भागीदारी और सामाजिक मुद्दों को राजनीतिक मंच पर उठाने पर जोर दिया। इस दौरान पार्टी से जुड़ने वाले नए सदस्यों का स्वागत किया गया।
आयोजकों ने कहा कि आगामी समय में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
गंगा शाह पत्रकार नई टिहरी

