
अल्मोड़ा।आज स्वतंत्रता दिवस की 75 वीं वर्षगांठ कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी धूम धाम से मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी वंदना द्वारा झंडारोहण किया गया तथा समस्त कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसमे वक्ताओं ने अपने अपने विचार रखे तथा देश की आजादी के लिए किए गए संघर्षों, बलिदानों एवं आंदोलनों को याद किया गया। साथ ही वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी वंदना ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का दिन उन कुर्बानियों, संघर्षों एवं बलिदानों को याद करने का दिन है, जिनकी बदौलत आज हम सभी नागरिक स्वतंत्र भारत में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के इस पावन पर्व पर हम सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संकल्प लेना चाहिए कि हमारी जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है तथा उसको हम पूरी ईमानदारी तथा निष्पक्षता के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी अपने अपने कर्तव्यों का पालन करें, जनता की समस्याओं के निदान के लिए अपना सौ प्रतिशत दें।
अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया ने भी समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। तथा देश के लिए मर मिटने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी।
यहां कलेक्ट्रेट स्टाफ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।