बागेश्वर। चार दिनों की वर्षा लोगों के लिए कहर बन कर बरस रही है। जिले में आठ लोगों के मकान ध्वस्त हो गए हैं , जिससे इन मकानों में रह रहे लगभग 41 लोग बेघर हो गए हैं। सभी ने घर छोड़ दिए हैं और दूसरों के घर में शरण ली है। जिला प्रशासन प्रभावितों को अहैतुक सहायता प्रदान कर रहा है। राजस्व पुलिस नुकसान का जायजा जुटाने में लगी है। वर्षा ने लोगों से उनके आशियाने भी छीन लिए हैं। हालांकि किसी बड़ी घटना होने से बच गई है। लोग घर टूटते समय भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार घिरौली निवासी बहादुर राम पुत्र गोविंद राम के परिवार के छह सदस्य, भकुनखोला की मुन्नी देवी पत्नी राजेंद्र लाल के पांच, देवलखेत के प्रकाश गिरी पुत्र आनंद गिरी के पांच, कौसानी के विनोद सिंह पुत्र बिशन सिंह के चार स्वजनों ने घर छोड़ दिया है। जबकि ढूंगापाटली निवासी कमला पत्नी बचे सिंह के नौ, कुकुड़ाडाना के प्रकाश चंद्र पुत्र पूरन लाल के पांच, आरे के कुंदन राम पुत्र खीम राम के चार, गैराड़ के शंकर सिंह पुत्र जीवन सिंह का मकान ध्वस्त हो गया है। जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि प्रभावितों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग आकलन कर रहा है। उन्हें जिला प्रशासन अहैतुक मदद प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर तक मौसम विभाग का अलर्ट है।