
देहरादून। कार्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ डिवीजन के पाखरों व सोना नदी रेंज में पेड़ों के अवैध पातन के आरोपित पाखरो रेंज के निलंबित वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) बृज बिहारी शर्मा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद विजिलेंस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) राजीव भरतरी ने 27 अक्टूबर 2021 को पाखरो रेंजर बृज बिहारी शर्मा के निलंबन के आदेश जारी किए थे। रेंजर शर्मा पर पाखरो वन सफारी परियोजना में निर्धारित से अधिक पेड़ कटवाने का आरोप है। पेड़ों के अवैध पातन के साथ अनाधिकृत रूप से उप प्रभागीय वनाधिकारी के पदनाम का प्रयोग कर वैधानिक-प्रशासनिक-वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करने का आरोप भी है। शासन स्तर से इस मामले की जांच हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस को सौंप दी गई थी। विजिलेंस ने प्राथमिकी कर विवेचना शुरू कर दी थी। गुरुवार को विवेचक पुलिस उपाधीक्षक अनिल सिंह मनराल ने टीम के साथ आसाम की राजधानी गुवाहाटी में स्थित कामाख्या मंदिर से बृज बिहारी शर्मा को गिरफ्तार किया है।