काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में दो दिन पहले यूपी पुलिस की दबिश के बाद मचा बवाल अब तक शांत नहीं हो सका है। जसपुर के ज्येष्ठ उप ब्लाॅक प्रमुख गुरताज भुल्लर के घर यूपी पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद हुई क्रॉस फायरिंग में एक गोली गुरताज भुल्लर की पत्नी गुरप्रीत भुल्लर को जा लगी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद ही लोगों का आक्रोश भड़क उठा था। अब इस मामले में सिख समाज भी उतर आया है। शुक्रवार को ऑल इंडिया सिख प्रतिनिधि बोर्ड यूपी से काशीपुर पहुंचा। बोर्ड के सदस्य ज्येष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख के घर गए और परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद बोर्ड के यूपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फलौदिया ने प्रेस वार्ता की अौर पूरी घटना पर आक्रोश जताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक गुरप्रीत भुल्लर का अस्थि विसर्जन नहीं किया जाएगा। साथ ही इसे लेकर सिख समाज आंदोलन करेगा। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 20 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि 20 अक्टूबर तक आरोपी अगर नहीं पकड़े गए ताे सिख समाज आंदोलन करेगा।