
रुड़की। किसान यूनियन क्रांति मोर्चा के राष्टीय अध्यक्ष ने कोतवाली में पुलिस को चेतावनी दी है कि पीड़ित महिला का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो कोतवाली में मवेशी बांध देंगे। पुलिस पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से मिलीभगत करने और महिला का उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पुलिस के साथ जमकर नोकझोंक हुई।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी एक महिला ने फाइनेंस पर कुछ साल पहले एक जेसीबी मशीन खरीदी थी। बताया गया है कि महिला करीब 40 किस्त जमा कर चुकी थी। जबकि करीब आठ किस्त अभी बाकी थी। आरोप है कि किस्त जमा नहीं करने पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी महिला की जेसीबी ले गए। करीब तीन माह पहले महिला ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर अपनी जेसीबी मशीन खड़ी देखी तो गांव से कुछ ग्रामीणों को बुला लिया। महिला जेसीबी भी अपने साथ ले गई। रविवार को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने फोन करके महिला को जेसीबी मशीन कोतवाली लाने के लिए कहा। महिला ने इनकार किया तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी। जिसके बाद महिला ने इसकी जानकारी किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारियों को दी।