
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों की कक्षा छह से 12 वीं के तीन विषयों की किताबें अगले साल से हिंदी के साथ ही अंग्रेजी में भी प्रकाशित होंगी। इससे बच्चों की विषय पर पकड़ मजबूत होने के साथ ही भाषा की समझ भी बढ़ेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसके निर्देश दिए हैं।
डीजी शिक्षा बंशीधर तिवारी ने शनिवार को शिक्षा विभाग की ओर से निपुण भारत मिशन पर आयोजित कार्यशाला के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कक्षा छह से 12वीं तक की गणित, विज्ञान और सिविक्स की किताबों को हिंदी के साथ ही अंग्रेजी में भी प्रकाशित किया जाएगा। एक पेज हिंदी में होगा तो उसके अगले पेज पर उसे अंग्रेजी में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों विषय को लेकर समझ तो बढ़ेगी ही भाषा में निपुणता भी आएगी।
डीजी ने निपुण भारत मिशन को एक जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे छात्र छात्राओं के विकास के साथ ही स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे विषयों की भी जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में आधारभूत साक्षरता के साथ ही संख्यात्मक ज्ञान को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यह योजना बच्चों के लिए बहुत कारगर साबित होगी। इस अवसर पर एपीडी डॉ मुकुल कुमार सती ने भी निपुण भारत मिशन को लेकर जानकारी दी। दूसरी तरफ विद्या संवाद कार्यक्रम के तहत ब्लाकवार 95 अधिकारियों की तैनाती कर दी गई। डीजी ने बताया कि सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की जमीनी समीक्षा करेंगे।