कैथल हरियाणा आज दिनांक 26/02/2024 को जन शिक्षा अधिकार मंच कैथल द्वारा जारी धरना आज 518 वें दिन भी जारी रहा, धरने की अध्यक्षता बलबीर पहलवान ने की, उन्होंने कहा कि चिराग योजना हरियाणा में कारगर सिद्ध नहीं हो सकती, चिराग योजना से शिक्षा व्यवस्था गड़बड़ाएगी, हरियाणा सरकार को चिराग योजना को रद्द कर देना चाहिए और स्कूलों को मर्जर करने की प्रक्रिया को भी तुरंत रद्द कर देना चाहिए और शिक्षक नेता सुरेश द्रविड़ पर दर्ज एफआईआर को भी वापिस लेना चाहिए। रिटायर्ड कर्मचारी नेता ईश्वर सिरोही ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव का शिगूफा सत्तासीन गिरोह ने राजनैतिक गलियारों में छोड़ रखा है, यह भी दलील दी जा रही है कि अलग अलग समय पर चुनाव करवाने से अलग अलग दलों के लोग चुनकर आते हैं, और इस प्रकार ये लेन देन करते है, यह लोगों के आचरण और व्यवहार से जुड़ा मुद्दा है, इसके लिए हमें लोगों की आचरण, व्यवहार की शैली में बदलाव करना चाहिए और उसके लिए एक बेहतर शिक्षा व्यवस्था की देश में आवश्यकता है,यह दलील लोकतंत्र के लिए बहुत ही घातक है क्योंकि कई बार प्रदेश में लोग एक दल को पसंद नहीं करते लेकिन केंद्र में उसको पसंद करते हों, और कई बार राज्यों की सरकारें भी गिर सकती है,ऐसे में एक राष्ट्र एक चुनाव संभव नहीं हो सकता। जयपाल फौजी ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा साबित होगा क्योंकि कल को फिर जिला परिषद, नगर परिषद,पंच और सरपंच के चुनावों पर भी सवाल उठेंगे, अर्थात फिर इन चुनावों की क्या आवश्यकता है। इनको भी बंद कर दिया जाएगा, और इस प्रकार आम आदमी के अधिकारों पर कुठाराघात किया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था जो हमारे महापुरुषों ने बड़ी ही मेहनत से स्थापित की है,उस पर लगातार वैचारिक हमले हो रहे हैं, इस तानाशाही को सही बता कर यह जहर समाज में फैलाया जा रहा है,इसे न्यायसंगत ठहराने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। भेदभावपूर्ण व्यवस्था की तानाशाही अपना नाच दिखा रही है,देश के सामने यह राष्ट्रीय संकट पैदा हो सकता है। देश के प्रत्येक नागरिक को आज जाति ,धर्म, भाषा, क्षेत्र और सम्प्रदाय से ऊपर उठकर सोचने की आवश्यकता है। धरने पर हवा सिंह बूरा, मामचंद खेड़ी सिम्बल, रामशरण राविश, सतबीर प्यौदा, कलीराम, वीरभान हाबड़ी, हजूर सिंह, अजमेर सिंह,दलीपा, गोपी राम आदि भी उपस्थित थे।